🔴 BREAKING NEWS
Loading...

मुरैना में फर्जीवाड़े की नई कड़ी: चार और कांस्टेबल पर केस दर्ज, सॉल्वर गैंग से पास की थी भर्ती परीक्षा



मुरैना।मध्य प्रदेश पुलिस विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मुरैना जिले में गुरुवार को पुलिस भर्ती में धांधली का एक और मामला उजागर हुआ, जहां चार नए कांस्टेबलों पर फर्जी तरीके से परीक्षा पास कर नौकरी पाने का आरोप साबित हुआ है। इन चारों पर अब धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, ये सभी उम्मीदवार परीक्षा के दौरान स्वयं उपस्थित नहीं हुए थे, बल्कि सॉल्वर गैंग की मदद से आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर परीक्षा दिलवाई गई। दस्तावेज़ों के सत्यापन के दौरान जब इनका बायोमैट्रिक डेटा नहीं मिला, तो संदेह गहराया और जांच में सच्चाई सामने आ गई।

चारों आरोपी कांस्टेबलों को पांचवीं बटालियन में नियुक्ति से पहले ही पकड़ लिया गया। इससे पहले भी इसी तरह के आरोपों में मुरैना में तीन कांस्टेबलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इस प्रकार जिले में अब तक सात कांस्टेबलों पर सॉल्वर के जरिए परीक्षा पास करने के आरोप में केस दर्ज हो चुका है।

यह मामला न केवल भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि इस बात की भी तस्दीक करता है कि राज्य में सॉल्वर माफिया किस हद तक सक्रिय हैं। सवाल ये है कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी और प्रशासनिक तंत्र ने इस गड़बड़ी को पहले क्यों नहीं पकड़ा?

पुलिस विभाग की साख पर दाग लगाने वाले इस घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए अब आवश्यक है कि राज्य सरकार और विभागीय स्तर पर व्यापक जांच कराई जाए और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए — ताकि आने वाले समय में वर्दी का सम्मान किसी फर्जीवाड़े की भेंट न चढ़े।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar