🔴 BREAKING NEWS
Loading...

जबलपुर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर की आत्महत्या, चौथी मंजिल से कूदकर दी जान



जबलपुर।नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की ऊपरी मंजिल से गुरुवार को एक जूनियर डॉक्टर ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रीवा निवासी शिवांश गुप्ता के रूप में हुई है, जो हाल ही में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर इंटर्नशिप कर रहा था।

घटना सुबह की बताई जा रही है, जब शिवांश ने अपने दोस्तों को एक भावुक व्हाट्सएप मैसेज भेजा। संदेश में उसने लिखा –
"आप लोगों का साथ बहुत अच्छा रहा। आप सब बहुत अच्छे हैं। आप सभी का धन्यवाद।"
मैसेज पढ़ते ही कुछ दोस्त तुरंत उसके हॉस्टल रूम की ओर दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। एक दोस्त पास पहुंचा ही था कि शिवांश ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।

शिवांश को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के ही आईसीसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ घंटों बाद उसने दम तोड़ दिया।

अब तक नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और पुलिस को शिवांश के पास से अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। हालांकि, शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि वह बीते कुछ समय से मानसिक तनाव या डिप्रेशन से जूझ रहा था।

गढ़ा थाना पुलिस अब हॉस्टल स्टाफ और साथ पढ़ने वाले छात्रों से पूछताछ कर रही है। दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि यह समझा जा सके कि क्या शिवांश किसी निजी परेशानी, शैक्षणिक दबाव या किसी अन्य कारण से यह कदम उठाने को मजबूर हुआ।

रीवा से बुलाए गए माता-पिता

पुलिस और कॉलेज प्रबंधन ने शिवांश के माता-पिता को सूचना देकर जबलपुर बुला लिया है। परिवार के देर रात तक पहुंचने की संभावना है। उनकी मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar