कोरोना की वजह से हम सभी को लंबे समय तक अपने-अपने घरों में आइसोलेशन में अकेले रहना पड़ा है. एक तरफ महामारी का खतरा और दूसरी तरफ अकेलेपन ने हम सबके दिमाग पर बहुत बुरा प्रभाव छोड़ा है. इसकी वजह से लोगों को कई तरह की मानसिक समस्याओं से जूझना पड़ा है. बात सिर्फ कोरोना महामारी की ही नहीं है. किसी भी समय, जब आप लंबे वक्त तक अकेले या आइसोलेशन में रहते हैं तो इसका असर दिमाग पर पड़ता ही है. जानकारों के अनुसार अकेलेपन की वजह से डिमेंशिया का खतरा बढ़ सकता है.
हाल में हुए शोधों के अनुसार सामाजिक तौर पर लंबे समय तक आइसोलेशन में रहने से डिमेंशिया का खतरा बढ़ जाता है. डिमेंशिया दिमाग से जुड़ी बीमारी के लक्षणों का एक समूह है, जिसके कारण व्यक्ति की याददाश्त, सोचने की शक्ति, ऑरिएंटेशन, व्यक्ति की सामाजिक क्षमताओं पर असर पड़ता है. यहां तक कि व्यक्ति को अपनी दैनिक गतिविधियों को करने में भी समस्या होने लगती है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार डिमेंशिया एक सिंड्रोम है, जिसमें उम्र बढ़ने के साथ सामान्य तौर पर होने वाले संज्ञानात्मक परिवर्तन उतनी तेजी से नहीं होते. शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों को धूम्रपान और बहुत अधिक मदिरापान की आदत है या जो नींद पूरी नहीं करते या व्यायाम कम करते हैं, उनमें अल्जाइमर की बीमारी और डिमेंशिया से जुड़े खतरे बढ़ जाते हैं. इससे उनमें अकेलेपन का खतरा और बढ़ जाता है.
जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन और ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के शोधकर्ताओं ने जर्नल ऑफ द अमेरिकन गेरिएट्रिक सोसाइटी में एक शोध छापा है. इस शोध के अनुसार जो वयस्क सामाजिक तौर पर अकेले रहते हैं उनमें अकेले न रहने वालों के मुकाबले डिमेंशिया की बीमारी पनपने का खतरा 27 फीसद अधिक होता है
इस शोध में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी 65 साल या उससे अधिक उम्र के थे. उन सभी का दो घंटे तक इंटरव्यू किया गया, जिसमें उनके कॉन्गनिटिव फंक्शन, हेल्थ स्टेटस और संपूर्ण स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न पूछे गए. शुरुआती चरण के इंटरव्यू में शामिल 5022 प्रतिभागियों में से 23 फीसद ऐसे प्रतिभागियों को अगल कर दिया, जिनमें डिमेंशिया के कोई लक्षण नहीं थे. हालांकि, 9 साल तक चली इस स्टडी के अंत तक कुल 21 फीसद में डिमेंशिया की बीमारी के लक्षण पनप गए.
जॉन हॉपकिन्स ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ से जुड़े सीनियर शोधकर्ता एलिसन हॉन्ग ने बताया कि समाजिक तौर पर अलग-थलग पड़ चुके बुजुर्गों के सोशल नेटवर्क नहीं होते हैं. वह ज्यादातर समय अकेले रहते हैं और सामाजिक गतिविधियों में बहुत कम ही शामिल होते हैं.
जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन की गेरिएट्रिक मेडिसिन में पोस्टडॉक्टोरल फेलो म्फोन उमोह ने बताया कि सोशल आइसोलेशन से लड़ने के लिए बेसिक कम्युनिकेशन्स टेक्नोलॉजी एक बहुत ही शानदार टूल है. यह स्टडी बताती है कि साधारण टेक्नोलॉजी तक पहुंच और उसका इस्तेमाल महत्वपूर्ण फैक्टर्स हैं जो बुजुर्गों को सोशल आइसोलेशन के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करते हैं, जिसकी वजह से कई हेल्थ रिस्क होते हैं.
