नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने गुरुवार को नए संसद भवन (New Parliament House) का शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने संसद भवन का पूजन किया और आधारशिला रखी. इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन दिया। जिसमें उन्होंने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और 130 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का दिन है.
'आज का दिन इतिहास में मील का पत्थर'
पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि आज का दिन भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में मील के पत्थर की तरह है। हम भारत के लोग मिलकर अपनी संसद के इस नए भवन को बनाएंगे। इससे पवित्र क्या होगा कि जब भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष का पर्व मनाए, तो उस पर्व की साक्षात प्रेरणा, हमारी संसद की नई इमारत बने।
संसद में पहली बार पहुंचने को किया याद
पीएम मोदी ने पहली बार संसद पहुंचने के क्षण को याद किया। उन्होंने कहा, 'मैं अपने जीवन में वो क्षण कभी नहीं भूल सकता, जब 2014 में पहली बार एक सांसद के तौर पर मुझे संसद भवन में आने का अवसर मिला था। तब लोकतंत्र के इस मंदिर में कदम रखने से पहले, मैंने सिर झुकाकर, माथा टेककर, लोकतंत्र के इस मंदिर को नमन किया था।
'वर्तमान संसद ने निभाई अहम भूमिका'
पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे वर्तमान संसद भवन ने आजादी के आंदोलन और फिर स्वतंत्र भारत को गढ़ने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। आजाद भारत की पहली सरकार का गठन भी यहीं हुआ और पहली संसद भी यहीं बैठी थी। उन्होंने कहा, 'पुराने संसद भवन ने स्वतंत्रता के बाद के भारत को दिशा दी, तो नया भवन आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का गवाह बनेगा। पुराने भवन में देश की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए काम हुआ, तो नए भवन में 21वीं सदी के भारत की आकांक्षाएं पूरी की जाएंगी।
'विश्राम मांग रहा संसद का मौजूदा भवन'
पीएम ने कहा, ये इमारत अब करीब 100 साल की हो रही है। कई नए सुधारों के बाद संसद का ये भवन अब विश्राम मांग रहा है। वर्षों से नए संसद भवन की जरूरत महसूस की गई है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि 21वीं सदी के भारत को एक नया संसद भवन मिले। इसी कड़ी में ये शुभारंभ हो रहा है।
'नए संसद भवन पर गर्व करेगी आने वाली पीढ़ी'
पीएम मोदी ने कहा, 'जैसे आज इंडिया गेट से आगे नेशनल वॉर मेमोरियल ने नई पहचान बनाई है, वैसे ही संसद का नया भवन अपनी पहचान स्थापित करेगा। आने वाली पीढ़ियां नए संसद भवन को देखकर गर्व करेंगी कि ये स्वतंत्र भारत में बना है। आजादी के 75 वर्ष का स्मरण करके इसका निर्माण हुआ है।
