नई दिल्ली :
दिल्ली के शाहीन बाग (Shaheen Bagh) में सीएए (CAA), एनआरसी (NRC) और एनपीआर (NPR) को लेकर विरोध प्रदर्शन चल रहा है. इस दौरान एक शख्स ने शनिवार को शाहीन बाग में गोलियां चला दीं. पुलिस ने गोली चलाने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है. हालांकि, इस फायरिंग से किसी प्रदर्शनकारी के जख्मी या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है.
शाहीन बाग में कपिल गुर्जर नाम के शख्स ने शनिवार को प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाईं. कपिल गुर्जर दल्लूपुरा का रहने वाला है. गोली चलते ही प्रदर्शनकारियों के बीच हड़कंप मच गया. इससे प्रदर्शनकारी आक्रोशित हैं. इसके बाद पुलिस कपिल गुर्जर को गिरफ्तार कर नजदीकी थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ जारी है. दिल्ली पुलिस सूत्रों का कहना है कि शख्स ने हवाई फायरिंग की है. हालांकि, अभी तक किसी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया है कि शख्स ने क्यों गोली चलाई है.
बता दें कि इससे पहले एक नाबालिग युवक ने जामिया यूनिवर्सिटी के पास हो रहे प्रदर्शन में फायरिंग की थी. बताया जा रहा है कि उसके निशाने पर जामिया नहीं, बल्कि शाहीन बाग था. पुलिस ने बताया कि पूछताछ से पता चला है कि उसे अपने किए का पछतावा नहीं है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि वह सोशल मीडिया, टीवी कवरेज और व्हॉट्सऐप वीडियो से काफी प्रभावित था. वहां नाबालिग दहशत फैलाकर सड़क खुलवाने आया था, लेकिन उसे पता नहीं था कि शाहीन बाग का रास्ता कहां से है.
शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे हैं. हजारों की संख्या में बच्चे और महिलाएं सड़क पर बैठी हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है. यूपी के जेवर निवासी नाबालिग ने परिवार को बताया था कि वह स्कूल जा रहा है, लेकिन उसने बस पकड़ी और नोएडा से दिल्ली आग गया. वह अपनी योजना को अंजाम देने के लिए अपने दोस्त से देसी पिस्टल मांगकर आया था. फिर ऑटोवाले ने उसे जामिया इलाके में छोड़ दिया. ऑटोवाले ने कहा कि वो शाहीन बाग नहीं जा पाएगा, वहां का रास्ता बंद है, यहां से पैदल चले जाओ. वह जामिया पहुंचा और उसने देखा कि यहां प्रदर्शन की तैयारी चल रही है. फिर उसने वहीं फायरिंग कर दी.
