🔴 BREAKING NEWS
Loading...

चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल: इंग्लैंड की मज़बूत बैटिंग के आगे कसौटी पर होंगे PAK के तेज़ गेंदबाज़

ग्रुप मैचों में अपने सभी विपक्षियों को मात देने वाली मेज़बान इंग्लैंड आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में आज जब मैदान पर उतरेगी तो उसे पाकिस्तान के मज़बूत तेज़ गेंदबाज़ी अटैक की चुनौती का सामना करना पड़ेगा. पाकिस्तान ने सोमवार को ग्रुप-बी के आखिरी मैच में रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को तीन विकेट से हराते हुए सेमीफाइनल में एंट्री की. पाकिस्तानी गेंदबाजों ने श्रीलंका को 236 रन के छोटे स्कोर पर सीमित कर दिया था.

इंग्लैंड की मज़बूत गेंदबाज़ी की होगी परीक्षा
पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ जुनैद खान, मोहम्मद आमिर, फहीम अशरफ, हसन अली और स्पिन गेंदबाज़ इमाद वसीम इंग्लैंड की मज़बूत बल्लेबाज़ी की भी परीक्षा ले सकते हैं. जुनैद और आमिर ने पिछले मैच में श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था. अगर पाकिस्तान मेज़बान इंग्लैंड को मात देने में कामयाब हो जाता है तो वह 1999 विश्व कप के बाद आईसीसी के 50 ओवरों के किसी भी टूर्नामेंट के फाइनल में पहली बार प्रवेश करेगा.

2011 के बाद पहली बार सेमीफाइनल में पाक

आखिरी बार पाकिस्तान ने 2011 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी. इसके बाद वह कभी आईसीसी के 50 ओवरों के टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सका. गेंदबाज़ी में जो लाभ पाकिस्तान को मिलता दिख रहा है, वह उसकी कमज़ोर बल्लेबाज़ी के कारण कितना फायदेमंद होगा, यह मैच के दिन ही पता चल सकेगा. कप्तान सरफराज़ अहमद, सलामी बल्लेबाज़ फखर ज़मान और गेंदबाज़ आमिर ही पिछले मैच में टीम के लिए रन कर पाए थे. सरफराज़ ने श्रीलंका के खिलाफ अहम समय नाबाद 61 रनों की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई थी.

ज़बरदस्त फॉर्म में है इंग्लैंड
दूसरी तरफ इंग्लैंड बल्ले और गेंद दोनों से शानदार फॉर्म में है. उसने ग्रुप-ए के अपने सभी तीन मैचों में जीत हासिल की थी. बांग्लादेश, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी. इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी बेहद मज़बूत है और इसमें काफी गहराई है. उसके पास एलेक्स हेल्स, जो रूट, इयोन मोर्गन, बेन स्टोक्स और जोस बटलर जैसे बल्लेबाज़ हैं. यह सभी इस टूर्नामेंट में अभी तक अपने बल्ले का रंग दिखा चुके हैं.

गेंदबाज़ी में भी इंग्लैंड काफी संतुलित है. उसके पास लियाम प्लंकट, मार्क वुड, जैक बॉल, स्टोक्स के रूप में इन फॉर्म तेज़ गेंदबाज़ हैं. वहीं मोइन अली और आदिल रशीद के रूप में दो स्पिनर हैं. इंग्लैंड को घर में खेलने का भी फायदा मिलेगा. दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखा जाए तो इंग्लैंड का इस मैच में पलड़ा काफी भारी लग रहा है.

टीमें :

इंग्लैंड : इयोन मोर्गन (कप्तान), जेसन रॉय, एलेक्स हेल्स, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, मोइन अली, स्टीवन फिन, लियाम प्लंकट, मार्क वुड, जैक बॉल, जॉनी बेयर्सटो, सैम बिलिंग्स, आदिल रशीद, डेविड विल.

पाकिस्तान : सरफराज़ अहमद (कप्तान/विकेटकीपर), अहमद शहज़ाद, अज़हर अली, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फ़ख़र ज़मान, हारिस सोहेल, हसन अली, इमाद वसीम, जुनैद खान, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद हफीज़, शादाब खान और शोएब मलिक. ​

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar