🔴 BREAKING NEWS
Loading...

लिव-इन में रह रही महिला की बेरहमी से हत्या, देवर पर शक की सुई



छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश। जिले के बड़कुही क्षेत्र में एक महिला की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मृतका ममता कठौते (आदिवासी कोल समुदाय) अपने देवर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। तीन दिन पुराने शव के मिलने के बाद मामला सामने आया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

घटना बड़कुही के टेक इलाके की है, जहां रविवार शाम ममता की ननद ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सोमवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या बेहद निर्ममता से की गई थी।

पुलिस के अनुसार, ममता का शव पलंग पर पड़ा मिला। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, गले में फंदे के निशान थे और शरीर की कई हड्डियां टूटी हुई थीं। डॉक्टर तैय्यबा द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में भी हत्या की पुष्टि हुई है।

ममता कठौते के पति का निधन पहले ही हो चुका था। उनकी एक बेटी विवाहित है जबकि बेटा नागपुर में कार्यरत है। वे अपने देवर जुंगी और ननद के साथ रह रही थीं। मृतका के भाई संजय कठौते ने बहन की मौत की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर हत्या की पुष्टि की और आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की।

घटना के तुरंत बाद से महिला का देवर जुंगी फरार है, जिस पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले उसने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि "ममता अब अकड़ गई है।" इसी संवाद के आधार पर परिजन और पुलिस को शक की दिशा मिली।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परासिया चौकी प्रभारी अक्रजय धुर्वे ने बताया कि हत्या की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जुंगी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar