🔴 BREAKING NEWS
Loading...

मां की गोद से बच्चे को उठाकर भेड़िया फरार, खेत में मिला मासूम का क्षत-विक्षत शव



बहराजपुर (उत्तर प्रदेश)। क्षेत्र में वर्षों बाद एक बार फिर भेड़ियों की आमद ने दहशत फैला दी है। ताज़ा मामला बहराजपुर तहसील के गढूपुरवा गांव का है, जहां सोमवार रात करीब 12 बजे एक भेड़िया एक मां की गोद से दो वर्षीय मासूम को छीनकर भाग निकला। मासूम का शव मंगलवार सुबह गांव से करीब दो किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।

जानकारी के अनुसार, गढूपुरवा गांव निवासी आयुष नामक बच्चे की मां, खुशबू, अपने मायके आई हुई थी और अपने बेटे को लेकर घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। भीषण गर्मी के चलते अक्सर ग्रामीण अपने घरों के बाहर सोते हैं। सोमवार देर रात अचानक एक भेड़िया दबे पांव वहां पहुंचा और खुशबू की गोद से बच्चे को जबड़े में दबाकर भाग निकला। बच्चे की चीख से मां की नींद टूटी, लेकिन तब तक भेड़िया बच्चा लेकर खेतों की ओर भाग चुका था। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण भी जाग गए और रातभर खेतों और जंगलों में बच्चे की तलाश करते रहे।

सुबह लगभग 5 बजे गन्ने के खेत में बच्चे का शव मिला। शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और एक पैर भेड़िया खा चुका था। यह दृश्य देखकर मां बेसुध हो गई। परिजनों ने उन्हें किसी तरह होश में लाया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी।

शादी के कुछ दिन बाद मायके आई थी खुशबू

परिजनों ने बताया कि खुशबू की शादी फखरपुर थाना क्षेत्र के कोठवल कला गांव में हुई है। 15 दिन पूर्व वह अपने बेटे के साथ मायके आई थी। घटना की रात वह अपने बेटे के साथ आंगन में सो रही थी, तभी यह हादसा हुआ।

वन विभाग ने जताई सियार के हमले की आशंका

घटना स्थल पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने भेड़िया हमले की आशंका जताई है, लेकिन घटनास्थल के पास सियारों की गतिविधि की भी पुष्टि हुई है। विभाग फिलहाल सियारों के हमले की भी संभावना से इनकार नहीं कर रहा और जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और वन्यजीव टीम आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा रही है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar