🔴 BREAKING NEWS
Loading...

"जबलपुर में नमक-चोरी! चोर बोला... स्वाद के लिए कुछ भी करेगा!"

 


रसगुल्ला चोरी के बाद अब नमक बना निशाना, दुकानदारों में बढ़ी चिंता

जबलपुर। शहर में अपराध की तस्वीरें अब आमजन को हैरान करने लगी हैं। सिहोरा में रसगुल्ला और पाउच चोरी की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब गढ़ा थाना क्षेत्र में नमक की बोरियों की चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देवताल इलाके स्थित एक किराना दुकान के बाहर से स्कूटी सवार चोर ने तड़के पांच बोरियों को चुपचाप उठा लिया और फरार हो गया। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह रिकॉर्ड हो गई है।

दुकान संचालक जयपाल सिंह प्रजापति उर्फ छोटे ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 4:45 बजे एक व्यक्ति स्कूटी पर आया और बिना किसी हड़बड़ाहट के दुकान के बाहर रखीं नमक की पांच बोरियां उठा ले गया। बोरियों की अनुमानित कीमत करीब 1,000 रुपये बताई जा रही है। उन्होंने तत्काल गढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज से खुली वारदात की परतें
करीब 55 सेकंड के CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी कितने इत्मीनान और तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देता है। वह एक-एक कर बोरियां स्कूटी पर लादता है और फिर मौके से निकल जाता है। इस बात से स्पष्ट होता है कि चोरी पूर्व नियोजित थी, न कि कोई तात्कालिक अवसर का लाभ।

गढ़ा थाने के ड्यूटी ऑफिसर योगेंद्र सिंह ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम तेजी से आगे बढ़ रही है।

छोटी लेकिन चौंकाने वाली चोरी
हालांकि चोरी गई सामग्री की कीमत बड़ी नहीं है, लेकिन जिस तरह से एक मामूली वस्तु — नमक — को भी अब अपराधियों का निशाना बनाया जा रहा है, उसने शहरवासियों को चिंता में डाल दिया है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि यदि अब नमक भी सुरक्षित नहीं रहा, तो फिर बाकी कीमती सामानों की सुरक्षा का क्या भरोसा?

पिछली घटनाओं से जोड़कर देखी जा रही जांच
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सिहोरा थाना क्षेत्र में रसगुल्ले और राजश्री पाउच की चोरी की घटना सामने आई थी। उस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद जबलपुर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। अब देवताल की इस चोरी को भी पुलिस गंभीरता से लेते हुए जांच के दायरे को व्यापक करने की तैयारी में है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar