🔴 BREAKING NEWS
Loading...

पेट्रोल पंप से 65 हजार रुपये की लूट, नकाबपोश लुटेरों ने घटना को दिया अंजाम



जबलपुर/मझौली। सिहोरा-मझौली रोड पर सुनवानी गांव स्थित पेट्रोल पंप में 65 हजार रुपए की लूट की वारदात का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लूट की यह वारदात सोमवार देर रात की बताई जा रही है। नकाबपोश लुटेरे ने पेट्रोल पंप के लॉकर से रुपए लूटने के बाद वहां मौजूद चौकीदार के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

चौकीदार को मेडिकल कॉलेज जबलपुर में भर्ती कराया गया है। हमले में घायल चौकीदार की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। लूट की इस वारदात की खबर लगते ही सिहोरा एसडीओपी भावना मरावी, मझौली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में लूट का मामला दर्ज करते हुए लुटेरे की तलाश शुरू कर दी है।
कमरे में सो रहा था चौकीदार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सिहोरा-मझौली रोड़ पर सुनवानी गांव के पास जबलपुर निवासी अमित पटेल का विभांशी पटेल नाम से पेट्रोल पंप है। सोमवार रात करीब 3 बजे के लगभग पेट्रोल पंप में ग्राम सुनवानी निवासी गणेश दाहिया (65) चौकीदारी कर रहा था। वह पेट्रोल पंप के पहले वाले कमरे में कुर्सी पर सो रहा था। उसी समय मुंह में गमछा बांधे लुटेरा वहां पहुंचा और कुर्सी पर सो रहे गणेश के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इसके बाद लुटेरा कैश काउंटर तक पहुंचा और वहां लॉकर में रखे करीब 65 हजार रुपए लूटकर ले गया।
चौकीदार के परिजनों ने दी पुलिस को सूचना

दरअसल, चौकीदार गणेश दहिया का घर पेट्रोल पंप से कुछ ही दूरी पर है। सुबह करीब 6 बजे के लगभग चौकीदार के परिजन जब पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो गणेश खून से लथपथ पड़ा था। चौकीदार के परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पेट्रोल पंप के मैनेजर और मझौली पुलिस को दी। चौकीदार के सिर में कुल्हाड़ी का वार लगने से उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर हालत में चौकीदार गणेश दहिया को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात

इधर, पेट्रोल पंप में हुई लूट और चौकीदार से हमले की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल मझौली पुलिस सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहे लुटेरे की कद काठी के आधार पर उसकी तलाश में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar