🔴 BREAKING NEWS
Loading...

उपराष्ट्रपति नायडू, PM मोदी ने मुंबई में आग लगने की घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया



उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के ताड़देव में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी भीषण आग में लोगों की मौत होने पर शनिवार को शोक व्यक्त किया।

मोदी ने इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपए और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की।

मध्य मुंबई के ताड़देव इलाके में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की 19वीं मंजिल पर शनिवार सुबह भीषण आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि गोवालिया टैंक में भाटिया अस्पताल के सामने स्थित ‘सचिनम हाइट्स’ इमारत में सुबह करीब सात बजे आग लगी। उस समय इसमें रहने वाले कई लोग सो रहे थे।

नायडू ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘मुंबई के ताड़देव में आग लगने की घटना में लोगों की मौत होने के समाचार से व्यथित हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मोदी के हवाले से ट्वीट किया, ‘‘मुंबई के ताड़देव की एक इमारत में आग लगने की घटना से दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवदेना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई की एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने की घटना पर दुख जताया और पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें।

उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मुंबई की बहुमंजिला इमारत में आग लगने की दुखद खबर मिली है। घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस घटना में जख्मी हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे हर संभव मदद करें।’’

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar