🔴 BREAKING NEWS
Loading...

महाराष्ट्र में बड़ी लापरवाही, 12 बच्चों को पोलियो ड्रॉप की जगह पिला दिया सैनिटाइजर, जानें फिर क्या हुआ

 


महाराष्ट्र में स्वास्थ्यकर्मियों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के यवतमाल में पोलियो ड्रॉप की जगह पर 12 बच्चों को हैंड सैनिटाइज़र पिला दिया गया। हालत बिगड़ने पर सभी बच्चों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बात की जानकारी यवतमाल जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीकृष्णा पांचाल ने दी है।

मामले की जांच की जारी

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रीकृष्णा पांचाल ने कहा है कि 5 साल की उम्र से कम के 12 बच्चों को पोलियो ड्रॉप की बजाय हैंड सैनिटाइज़र दे दिया गया था। इसके बाद सभी बच्चों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी बच्चों की हालत अब ठीक है। इस घटना से जुड़े 3 कर्मचारियों- 1 स्वास्थ्यकर्मी, 1 डॉक्टर और 1 आशा कार्यकर्ता को निलंबित किया जाएगा। इस मामले की जांच चल रही है।

भारत बीते एक दशक से पोलियो मुक्त

जानकारी के लिए आपको बता दें कि यह घटना ऐसे समय में सामने आयी है, जब देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 30 जनवरी 2021 को राष्ट्रपति भवन में 5 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए साल 2021 में नेशनल पोलियो इम्यूनाइजेशन ड्राइव लॉन्च किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत बीते एक दशक से पोलियो मुक्त है। देश में आखिरी पोलियो का केस 13 जनवरी 2011 को दर्ज किया गया था।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar