BMC Guidelines For Passengers: ब्रिटेन में कोरोना के नए स्ट्रेन के सामने आने के बाद दुनियाभर में हलचल मच चुकी है. बताया जा रहा है कि कोरोना का यह म्यूटेशन रूप 70 प्रतिशत ज्यादा तेजी से लोगों को संक्रमित कर सकता है. ऐसे में यूरोप के बाद अब भारत सरकार ने भी ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइट्स को 22 दिसंबर की रात 12.00 बजे से लेकर 31 दिसंबर रात 12.00 बजे तक के लिए बंद कर दिया है. वहीं मुंबई में उतरने वाले लोगों के लिए नए दिशानिर्देश भी जारी कर दिए गए हैं.
1- जो भी लोग खाड़ी देशों या फिर यूरोपियन देशों से मुंबई में लैंड करेंगे, उन्हें इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन किया जाएगा. इस दौरान होने वाले खर्चे उस शख्स के ही होंगे.
2- अगर किसी भी यात्री में कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं तो उसे मुंबई फोर्ट इलाके मे मौजूद जीटी अस्पताल में भेज दिया जाएगा, ताकि उसका इलाज हो सके.
3- मुंबई में लैंड करने पर यात्रियों का RT-PCR टेस्ट नहीं किया जाएगा. यह टेस्ट यात्रियों के ही खर्चे पर 5वें से 7वें दिन तक किया जाएगा. इसमें अगर आप कोरोना संक्रमित पाए जाते हैं तो आपको 7 दिनों के लिए क्वारंटीन किया जाएगा, लेकिन अगर आप संक्रमित नहीं पाए जाते तो आपको डिस्चार्ज कर दिया जाएगा. हालांकि इन्हें होम क्वारंटीन रहना होगा. इस दौरान अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है और कोरोना के लक्षण आप में नहीं पाए जाते तो आपको होटल में ही क्वारंटीन किया जाएगा.
4- यात्रियों को होटल तक बेस्ट बस द्वारा पहुंचाया जाएगा.
5- मिडिल ईस्ट और यूरोपियन देशों से आने वाले यात्रियों को करीब रोजाना 4000 हजार कमरों की जरूरत होगी. यात्रियों को इसका खर्चा खुद ही उठाना होगा.
6- यात्रियों के पासपोर्ट होटल में जमा किए जाएंगे, बाद में डिस्चार्ज होने के दौरान यह उन्हें वापस कर दिया जाएगा.
7- मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर काम करने वाले कर्मचारियों को पीपीई किट की सुविधा मुहैया कराई जाएगी.
8- इन स्थानों से आने वाले यात्रियों की टेस्टिंग के लिए निजी लैब्स को क्वारंटीन होटलों के साथ लिंक किया जाएगा. टेस्टिंग का खर्चा भी यात्रियों को ही उठाना होगा.
9- यह ऑपरेशन MCD और कलेक्टर की निगरानी में पूरा किया जाएगा.
10- यह नियम मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिडिल ईस्ट और यूरोपियन देशों से आने वाले सभी यात्रियों पर लागू होगी.
