🔴 BREAKING NEWS
Loading...

कांग्रेस ने दिखाया बैलगाड़ी युग:पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़े दाम को लेकर बोला हल्ला, विरोध में बाकलीवाल बैलगाड़ी पर स्कूटर रख हुए सवार



 मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने रीगल चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया।

शहर की सड़कों पर दौड़ती बैल गाड़ियां और बैलगाड़ी पर सवार नारे लगाते लोग। यह नजारा शनिवार को रीगल चौराहे पर देखने को मिला। कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर बैलगाड़ी युग दिखाने की कोशिश की। पेट्रोल, डीजल और गैस के बढ़े दाम के साथ कृषि कानून के विरोध में सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेसी बैलगाड़ी पर सवार होकर रीगल चौराहे स्थित धरना स्थल पर पहुंचे।

कांग्रेस के कार्यकर्ता मोदी सरकार के खिलाफ आक्रामक नजर आए।

धरना प्रदर्शन के दौरान उपवास कार्यक्रम में करीब-करीब सभी बड़े नेता शामिल हुए। बैलगाड़ी में स्कूटर रखकर उसमें सवार शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोलने मंच के पास पहुंचे। बैलगाड़ी में कुछ स्लोगन लिखी तख्तियां भी लटकी हुई थीं। जिसमें लिखा था पेट्रोल डीजल की बढ़ गई कीमत, अब बैलगाड़ी की पड़ी जरूरत। पेट्रोल, डीजल के दाम कम करो, भाजपा कुछ शर्म करो। खा गए राशन पी गए तेल, देखो-देखो मोदी-शिवराज का खेल। धरना प्रदर्शन में विधायक संजय शुक्ला, विनय बाकलीवाल, राजेश चौकसे, सन्नी राजपाल, सदाशिव यादव, अंतर सिंह दरबार सहित बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता शामिल हुए।

शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कहा कि मोदी सरकार में पेट्रोल डीजल के भाव लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आज डीजल और पेट्रोल के भाव 100 रुपए के आसपास पहुंच चुका है। गैस की बात करें तो एक सप्ताह में डेढ़ सौ रुपए बढ़ गए हैं। दूसरा कृषि काला कानून जो मोदी सरकार लेकर आई है। हम उसका भी विरोध करते हैं। तीसरा आज ही शिवराज सिंह सरकार ने बिजली के बिल 15 पैसे यूनिट बढ़ा दिए हैं।

बाकलीवाल ने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि क्या मोदी जी को यह नहीं दिख रहा है कि प्रदेश, देश में कोरोना फैला हुआ है। आम जनता बेरोजगार होकर घूम रही है। काम-धंधे चौपट हैं, ऐस में आपने गैस की टंकी के दाम बढ़ा दिए। पेट्रोल डीजल के भाव में इजाफा कर दिया। काले कानून के विरोध में कड़कड़ाती ठंड में किसान दिल्ली की सड़कों पर बैठे हैं। मोदी सरकार पर बिल्कुल भी जू नहीं रेंग रही है। कांग्रेस की मांग है कि मोदी सरकार तत्काल काले कानून को वापस ले। साथ ही पेट्रोल और डीजल के भाव को कम करे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar