हैदराबाद: भारत बायोटेक (Bharat Biotech) नाक के माध्यम से दिया जाने वाला कोविड-19 रोधी टीका (COVID-19 Nostril Vaccine) विकसित कर रही है, जिसका पहले चरण का परीक्षण अगले महीने शुरू हो सकता है। टीका निर्माता कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक कृष्णा एल्ला ने मंगलवार को यह बात कही।
उन्होंने तीन दिवसीय टाई ग्लोबल समिट (टीजीएस) के एक सत्र को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए कहा कि भारत बायोटेक कोवैक्सीन समेत अन्य टीकों के उत्पादन के लिए दो और इकाइयां लगा रही है।
उन्होंने बेंगलुरू की कंपनी बायकोन लिमिटेड की अध्यक्ष किरण मजूमदार शॉ के साथ एक संवाद सत्र में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि टीके के परीक्षण का पहला चरण (अगले महीने) शुरू होगा क्योंकि यह एक बार में दिया जाने वाला टीका होगा। क्लीनिकल ट्रायल की प्रक्रिया भी अपेक्षाकृत तेज होगी।''
एल्ला ने कहा कि कोविड-19 के आने वाले टीकों की इंजेक्शन के जरिये दो खुराक देने की जरूरत होगी और भारत जैसे देश में 2.6 अरब सीरिंज तथा सुइयों की जरूरत होगी, जिससे प्रदूषण में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि भारत बायोटेक ने कई चीजों को ध्यान में रखते हुए एक नये ‘चिंप-एडिनोवायरस' टीके के लिए सेंट लुईस में वाशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल के साथ करार किया है, जो कोविड-19 के लिए नाक के माध्यम से एक खुराक में दिया जा सकने वाला टीका होगा।
