🔴 BREAKING NEWS
Loading...

लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए सोनिया ने दिए प्रधानमंत्री को पांच सुझाव

नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर लघु एवं मध्यम उद्योगों की चिंताओं को दोहराया और निवारण के लिए पांच सुझाव भी दिए. कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर सोनिया गांधी द्वारा लिखी गई चिट्ठी को  शेयर किया गया है. इस चिट्ठी में सोनिया गांधी ने पीएम मोदी से लघु एवं मध्यम उद्योग सेक्टर के लिए आर्थिक पैकेज की मांग की है. उन्होंने अपनी चिट्ठी में लिखा कि छोटे उद्यमों के सेक्टर को अगर नजरअंदाज किया गया तो एमएसएमई संकट विनाशकारी होगा और हमारी अर्थव्यवस्था पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा.  
सोनिया गांधी ने अपनी चिट्ठी में सरकार को पांच सुझाव दिए हैं जोकि इस प्रकार से हैं. 
1. सोनिया गांधी ने सुझाव दिया कि सरकार को लघु एवं मध्यम उद्योग सेक्टर के लिए 1 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान करना चाहिए. ऐसा करने से न सिर्फ लोगों की नौकरियां बचेंगी बल्कि इस सेक्टर का मनोबल भी बरकरार रहेगा. 
2. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दूसरा सुझाव दिया कि लघु एवं मध्यम उद्योग सेक्टर के लिए 1 लाख करोड़ के क्रेडिट गारंटी फंड का निर्माण किया जाना चाहिए. ऐसा करने से सेक्टर में लिक्विडिटी के साथ सेक्टर के पास पर्याप्त पूंजी पहुंच जाएगी. जिसका इस्तेमाल लघु एवं मध्यम उद्योग सेक्टर उस वक्त कर सकेगा जब उसे इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होगी. 
3. अपने तीसरे सुझाव में सोनिया गांधी नेलघु एवं मध्यम उद्योग सेक्टर के लिए एक 24 घंटे हेल्पलाइन जारी करने की मांग की है. साथ ही उन्होंने अपने सुझाव में कहा है कि आरबीआई और अन्य कमर्शियल बैंकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस सेक्टर से जुड़े छोटे व्यापारियों को कर्ज समय पर मिले. 
4. अपने चौथे सुझाव में सोनिया ने निवेदन किया कि लघु एवं मध्यम उद्योग द्वारा लिए गए कर्ज पर ब्याज के भुगतान को 3 महीने के लिए टाला जाए और सरकार इस सेक्टर से जुड़े टैक्स को माफ करने या फिर कम करने पर विचार करे. 
5. अपने पांचवे सुझाव में उन्होंने कहा कि सरकार को लघु एवं मध्यम उद्योग सेक्टर को जिन वजहों से लोन मिलने में रुकावट पैदा हो रही हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाना चाहिए. 
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar