🔴 BREAKING NEWS
Loading...

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 107 हुई, केरल में सबसे ज्यादा असर

नई दिल्ली : भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या रविवार को बढ़कर 107 हो गई। इनमें वे दो लोग भी शामिल हैं जिनकी दिल्ली और कर्नाटक में मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। हाल ही में सऊदी अरब से लौटे कर्नाटक के कलबुर्गी निवासी 76 वर्षीय व्यक्ति की गुरुवार को मौत हो गई थी। इसके अलावा दिल्ली में रहने वाली 68 वर्षीय एक महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थी, जिसने शुक्रवार की रात राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दम तोड़ दिया था। दिल्ली में कोरोना वायरस के अब तक सात मामले सामने आ चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में 11, कर्नाटक में छह, महाराष्ट्र में 31, लद्दाख में तीन और जम्मू-कश्मीर में दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि कुल 107 संक्रमित लोगों में से 17 विदेशी हैं। इनमें 16 लोग इतालवी हैं।
केरल में सबसे अधिक 22 मामले सामने आए हैं
इसके अलावा राजस्थान में कोरोना वायरस के 2 और मामले सामने आए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में एक-एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित है। केरल में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 22 मामले सामने आए हैं। इनमें वे दो लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले महीने इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
महाराष्ट्र में कुल संख्या बढ़कर 31 हो गई है
वहीं महाराष्ट्र में शनिवार को पुणे के निकट पिंपरी-चिंचवाड़ में पांच लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले बढ़ कर 31 हो गए हैं। महाराष्ट्र के रोग निगरानी अधिकारी डॉ. प्रदीप आवटे ने बताया कि पिंपरी-चिंचवाड़ क्षेत्र में 3 महिलाओं और 2 पुरुषों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उनमें से 4 दुबई से लौटे एक समूह के संपर्क में आए थे। उस समूह के कुछ सदस्यों में पहले ही संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एक अन्य व्यक्ति ने हाल ही में थाईलैंड की यात्रा की थी। उन्होंने बताया कि पुणे में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 15 हो गई है और महाराष्ट्र में कुल संख्या बढ़कर 31 हो गई है। महाराष्ट्र में शनिवार रात तक संक्रमण के पुणे और आसपास के क्षेत्र में 15, मुंबई में आठ, नागपुर में चार, यवतमाल में दो, ठाणे और अहमदनगर में एक-एक मामलों की पुष्टि हुई है।
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar