India vs New Zealand 5th T20I: भारत ने न्यूजीलैंड को सीरीज के पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में भी धूल चटा दिया है। टीम इंडिया ने इसी के साथ 5-0 से सीरीज क्लीन स्वीप करते हुए इतिहास रच दिया है। माउंट मॉनगनुई में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित के अर्धशतकीय पारी की बदौलत 163 रन बनाए, जवाब में न्यूजीलैंड की टीम टेलर के अर्धशतकीय पारी के बावजूद लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई और सात रन से मैच हार गई। भारतीय टीम पांच मैचों की द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने वाली पहली टीम बन गई है।
विराट और रोहित की गैरमौजूदगी में राहुल की कप्तानी में खेल रही टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में दमदार खेल दिखाते हुए न्यूजीलैंड को चारों खाने चित कर दिया है। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में कप्तानी करने उतरे रोहित शर्मा बल्लेबाजी के दौरान पैरों में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हार्ट हो गए थे और फिर फील्डिंग के वक्त मैदान में नहीं उतरे। रोहित की जगह राहुल दूसरी पारी में कप्तानी कर रहे थे।