🔴 BREAKING NEWS
Loading...

दिल्ली के राम मनोहर लोहिया में कोरोना के 2 और संदिग्ध भर्ती, कुल संख्या 8 हुई

दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कोरोना वायरस के 2 और संदिग्धों को भर्ती कराया गया है। इस तरह कोरोना वायरस के कुल 8 लोग अब अस्पताल में भर्ती हैं। नए दोनों संदिग्ध लोगों के नमूने परीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं। दोनों की जांच रिपोर्ट सोमवार को आने की उम्मीद है।
अस्पताल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार एक मरीज 29 जनवरी को भर्ती किया गया था, जबकि पांच मरीज 30 जनवरी को अस्पताल आए थे। संदिग्ध मरीजों में चार पुरुष और एक महिला मरीज शामिल हैं। ये सभी मरीज 25 से 29 जनवरी के बीच दिल्ली आए हैं। जबकि इनमें से दो करीब दो सप्ताह पहले दिल्ली पहुंचे हैं।
विशेष केंद्र में रहेंगे चीन से लौटे भारतीय
इस बीच एयर इंडिया का विमान बी747 चीन के वुहान में फंसे 324 भारतीयों को लेकर दिल्ली आ गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर इन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद इन सभी लोगों को छवला और मानेसर में बने विशेष केंद्रों में ले जाया जाएगा।
विमान में राममनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के पांच चिकित्सक और एक पैरामेडिकल कर्मी भी गए थे। पैरामेडिकल कर्मी अपने साथ चिकित्सकों द्वारा निर्धारित दवाएं, मास्क, ओवरकोट, डब्बाबंद खाद्य लेकर गए थे। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि वुहान से भारतीयों को वापस लाने के लिए एक अन्य विशेष उड़ान शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डे से रवाना हो सकती है। 
कोरोना का कहर थम नहीं रहा
चीन में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहां अब तक 259 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 11800 लोग इसकी चपेट में हैं। चीन में वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए भारत सरकार ने वहां बसे भारतीयों को बाहर निकालने का फैसला किया था। चीन का हुबेई प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। अकेले हुबेई में ही करीब 1347 नए मामले सामने आए है। इसके बाद संक्रमित लोगों की संख्या 7153 पहुंच गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चीन के कोरोना वायरस के कहर को ग्लोबल इमरजेंसी घोषित किया है।
और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar