🔴 BREAKING NEWS
Loading...

एलओसी पर बर्फ में दबे आठ जवान, एक शहीद, तीन लापता



उत्तरी कश्मीर में एलओसी पर अलग-अलग हुई हिमस्खलन की दो घटनाओं में एक जवान शहीद हो गया। तीन जवान लापता हैं, जबकि शेष चार को सुरक्षित निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लापता जवानों की तलाश में व्यापक पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।सैन्य सूत्रों ने बताया कि कुपवाड़ा जिले के करनाह सेक्टर में एलओसी के ईगल पोस्ट पर सुबह आए हिमस्खलन में सेना की दो जाट रेजीमेंट के चार जवान दब गए। सूचना मिलते ही पास की पोस्ट से जवानों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। इसके साथ ही प्रशिक्षित जवानों को भी लगाया गया। हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई।

देर शाम तक ऑपरेशन चलाया गया। एसएसपी श्रीराम दिनकर ने बताया कि चार जवान हिमस्खलन में दब गए थे। एक जवान का शव बरामद कर लिया गया है। एक को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जबकि एक जवान अब भी लापता है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

उधर, बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर के बख्तूर इलाके में बर्फीले तूफान की चपेट में आने से चार जवान गहरी खाई में गिरकर लापता हो गए। सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान तीन जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक जवान अब भी लापता है। सैन्य सूत्रों के अनुसार बचाव कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

इससे पहले नवंबर में सियाचिन ग्लेशियर में आए हिमस्खलन में चार जवान शहीद हो गए थे। दो पोर्टरों की भी मौत हुई थी। बाद में हुई अन्य घटना में दो सैनिक शहीद हो गए थे।

हिमस्खलन की प्रमुख घटनाएं

30 नवंबर, 2019 : सियाचिन ग्लेशियर में भारी हिमस्खलन में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी के दो जवान शहीद
18 नवंबर, 2019: सियाचिन में हिमस्खलन की चपेट में आकर चार जवान शहीद, दो पोर्टर भी मारे गए
10 नवंबर, 2019: उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में हिमस्खलन की चपेट में आकर सेना के दो पोर्टरों की मौत
31 मार्च, 2019: उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में हिमस्खलन में दबकर मथुरा के हवलदार सत्यवीर सिंह शहीद
3 मार्च, 2019 : कारगिल के बटालिक सेक्टर में ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन में पंजाब के नायक कुलदीप सिंह शहीद
8 फरवरी, 2019: जवाहर टनल पुलिस पोस्ट हिमस्खलन की चपेट में आई, 10 पुलिसकर्मी लापता, आठ बचाए गए
3 फरवरी, 2016: हिमस्खलन से 10 जवान शहीद, बर्फ से निकाले गए लांस ना यक हनुमनथप्पा ने छह दिन बाद दम तोड़ दिया
16 मार्च, 2012: सियाचिन में बर्फ में दबकर छह जवान हुए शहीद

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar