🔴 BREAKING NEWS
Loading...

पुलिस से त्रस्त दुष्कर्म पीड़िता ने कहा- मुझे इच्छामृत्यु दे दो

ग्वालियर। कानून-व्यवस्था चौकस करने के लिए सीएम भले ही अफसरों पर सख्ती कर रहे हों, लेकिन यहां पुलिस लापरवाही का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। हालात यह हैं कि दुष्कर्म पीड़िता को न्याय के लिए थाने से एसपी ऑफिस तक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

पुलिस के रवैए से परेशान दुष्कर्म पीड़िता ने अब कलेक्टर राहुल जैन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मांग की है कि आरोपी दोनों डॉक्टरों पर जल्द कार्रवाई की जाए या राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु दिलाई जाए।

अंजू (परिवर्तित नाम) ने बताया कि वह कॉलेज की छात्रा है और कुछ समय पहले उसका संपर्क जेएएच में डॉ.अमित समाधिया से हुआ था। दोस्ती होने के बाद उसने शादी का झांसा दिया और कहा कि पीजी फाइनल होने के बाद उससे शादी कर लेगा। इसके बाद शादी करने से मना कर दिया।

बार बार शादी के लिए कहने पर उसे दिल्ली बुलाया और वहां कार में गलत काम किया। कार में अमित का दोस्त संदीप सिंह तोमर भी था। दोनों ने कार में जान से मारने की कोशिश भी की। एक कागज पर साइन भी करा लिए। रास्ते में जबरदस्ती कर होटल में छोड़कर भाग गए।

अंजू ने बताया कि दिल्ली से जैसे तैसे आकर यहां महिला थाने में 7 दिसंबर को दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने एक माह तक गिरफ्तारी नहीं की और आरोपियों को जमानत मिल गई। अब आरोपी लगातार परेशान कर रहे हैं और पुलिस कुछ नहीं कर रही है।

अंजू ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं डॉ.अमित समाधिया का कहना है कि युवती बेबुनियाद आरोप लगा रही है। मैंने एफआईआर के तत्काल बाद ही अफसरों को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar